ललिया थाना क्षेत्र के सिटकिहवा-लालपुर विशुनपुर मार्ग पर सड़क पटरी से सटाकर बनाया गया एक अवैध चबूतरा आमजन के लिए बड़ी समस्या बन गया है। इसके कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर दो वाहन आमने-सामने आने पर साइड देने में काफी दिक्कत होती है। खासकर बाइक सवारों को संतुलन बनाकर निकलना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय और ठंड के दिनों में घने कोहरे के दौरान यह स्थान और भी खतरनाक हो जाता है। कई बार बाइक सवार इस चबूतरे से टकराकर गिर चुके हैं और चोटिल हुए हैं। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है, जिससे रोजाना स्कूली बच्चे, किसान और अन्य लोग गुजरते हैं। सड़क किनारे सुरक्षित स्थान न होने के कारण पैदल चलने वालों को भी खतरे के बीच चलना पड़ता है। अचानक वाहन आने पर उन्हें बचने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिससे जनसुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है। क्षेत्र के राधेश्याम, ओमप्रकाश, पुत्तन, मनीष कुमार, राजेश कुमार, गोविंद प्रसाद, बसंत कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जिलाधिकारी को शिकायत भेजी है। ग्रामीणों ने चबूतरे को हटवाकर मार्ग को सुरक्षित व सुगम बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
सड़क पटरी पर अवैध चबूतरा, आवागमन बाधित:सिटकिहवा-लालपुर मार्ग पर वाहनों और राहगीरों को परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












