श्रावस्ती में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को गिलौला थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार ने की। इस दौरान उपजिलाधिकारी इकौना पीयूष और थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में गिलौला क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोगों, ताजियादारों और समाजसेवियों को आमंत्रित किया गया था। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान ताजिया जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी पक्षों से समन्वय स्थापित कर पर्व को सफल बनाने का आग्रह किया। अधिकारियों ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई समस्या होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने की भी अपील की। बैठक में समाजसेवी मोहम्मद वसीम, मोहम्मद बकरीदी, बाबू अली, गुलफाम, आरिफ मोहम्मद सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया तथा विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा की गई।
मोहर्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने गिलौला थाने में बैठक:पीस कमेटी ने की तैयारियों पर चर्चा, अधिकारियों ने की अपील
RELATED ARTICLES












