अयोध्या के राम मंदिर में दान चोरी के मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया और कहा कि इससे राम भक्तों की भावना और श्रद्धा को आघात पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से हम सभी आहत हैं। RSS ने इस मामले की पूरी जांच कराने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने RSS पर हमला बोला है।
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और पूरे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। दत्तात्रेय होसबाले ने वीडियो जारी कर कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर बनाया गया भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है।
यह भी पढ़ें: ‘अब यहीं से काम करेंगे’, TMC मुख्यालय पर बागी गुट ने किया कब्जा
दोषियों को सजा की मांग
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने आगे कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
क्या अपील की?
होसबाले ने कहा कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास किसी भी हालत में टूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, ‘RSS समेत संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे।’
होसबाले ने आगे कहा कि भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाये रखेगा।’
यह भी पढ़ें: 5200 करोड़ का फंड, टैंक मिसाइल, कामिकेज ड्रोन, किस तैयारी में है रक्षा मंत्रालय?
कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने शुक्रवार को इस मामले में RSS की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि RSS की ओर से ट्रस्ट को दी गई क्लीन चिट शर्मनाक है और यह केवल नुडैमेज कंट्रोल की कोशिश है। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि RSS की ओर से दी गई क्लीन चिट बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर चंदे की चोरी हुई है और इसमें RSS से जुड़े लोग शामिल हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी इस मामले पर कहा कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद जिस तरह RSS ट्रस्ट का बचाव कर रही है, उससे उसकी असली प्राथमिकताएं सामने आ गई हैं।












