HomeHealth & Fitness61.38 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजना से बदलेगी हुकुलगंज वार्ड की तस्वीर, मिलेगा...

61.38 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजना से बदलेगी हुकुलगंज वार्ड की तस्वीर, मिलेगा मुफ्त जल कनेक्शन

  • 61.38 करोड़ रुपये की लागत से सीवर एवं पेयजल परियोजना।
  • 42.62 करोड़ रुपये सीवर और 18.76 करोड़ रुपये पेयजल व्यवस्था पर खर्च।
  • 13.887 किमी सीवर लाइन और 23.85 किमी पेयजल पाइपलाइन बिछेगी।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर वरूणापार इलाके के हुकुलगंज वार्ड में शनिवार को प्रस्तावित सीवर एवं पेयजल परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ।

हुकुलगंज वार्ड के मां सिद्धेश्वरी मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त रूप से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल एवं महापौर अशोक कुमार तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया।

इस वार्ड में कुल 61.38 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवर एवं पेयजल व्यवस्था विकसित की जायेगी। इसमें सीवर के लिए 42.62 करोड़ रुपये तथा पेयजल के लिए 18.76 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।

परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में 13.887 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 23.85 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

खास यह है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पिछले वाराणसी दौरे में रखी थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में इस विशाल कार्य को गति दी जाएगी। हुकुलगंज वार्ड में 75 प्रतिशत घरों में सीवर व पानी की समस्या वर्षों से बनी हुई थी जो अब स्थायी समाधान की ओर अग्रसर है ।

वार्ड का समग्र विकास हमारी शीर्ष प्राथमिकता: रविन्द्र जायसवाल
इस मौके पर राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना हमारा संकल्प है। हुकुलगंज वार्ड की जनता लंबे समय से जलभराव और शुद्ध पेयजल की किल्लत झेल रही थी।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद हर घर को सीवर और शुद्ध पेयजल का कनेक्शन मिलेगा, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

नागरिकों को मूलभूत समस्याओं से मिलेगी मुक्ति
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम और उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) मिलकर इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करेंगे।

हमारा उद्देश्य काशी के हर वार्ड को आदर्श वार्ड बनाना है। इस सीवर और पेयजल पाइप लाइन के बिछने से आने वाले कई दशकों तक हुकुलगंज वासियों को सीवर जाम और गंदे पानी की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और नगर निगम के आला अधिकारियों सहित जलकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। क्षेत्रीय भाजपा पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन करते प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विभागीय मंत्रियों एवं महापौर का आभार जताया।

कार्यक्रम में भाजपा के वाराणसी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी,भाजपा पार्षद संजय जायसवाल, पार्षद अशोक मौर्या, पार्षद मदन मोहन दुबे, संदीप रघुवंशी, अभय पांडेय, बलराम कन्नौजिया, पूर्व पार्षद दिनेश यादव आदि भी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments