Homeजिला / लोकल (Local News)युवा देश की चुनौतियों और समाधानों से जुड़े, बनाए भविष्य को उज्जवल...

युवा देश की चुनौतियों और समाधानों से जुड़े, बनाए भविष्य को उज्जवल :मोदी


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026’ के प्रतिभागियों के साथ संवाद किया और उनके अनुभव जाने। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश का युवा विकसित भारत की ऊर्जा है और उसका सबसे बड़ा लाभार्थी है। ऐसे में युवा शक्ति अगर देश की चुनौतियों और समाधानों से सीधा जुड़े तो देश का भविष्य निश्चित तौर पर उज्जवल होगा।
प्रधानमंत्री ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के करीब 250 जिलों के युवाओं से जुड़े। उन्होंने कहा कि देश के युवा के जमीन से जुड़ने से विकसित भारत के विजन को व्यापकता मिलती है। इससे उनमें देश के लिए जीने और कुछ करने का संकल्प मजबूत होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने देश के सीमावर्ती गांवों को प्रथम गांव मानकर वहां सुविधायें पहुंचाने का काम किया है। इन गांवों में विकास की आकांक्षा और देशभक्ति की भावना बहुत ज्यादा है। कुछ समय पहले तक सीमावर्ती गांवों को अंतिम गांव मानकर उनके हाल पर छोड़ दिया गया था। वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। आज यहां बेहतर कनेक्टिविटी है और पर्यटन फल-फूल रहा है।
उल्लेखनीय है कि विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026 का आयोजन दो चरणों में 4 जून से 30 जून 2026 तक किया गया। इसमें लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 वाइब्रेंट गांवों को शामिल किया गया। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवा प्रतिभागियों का चयन एक राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत, प्रतिभागियों ने स्थानीय समुदायों के साथ रहकर स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं पर जागरूकता अभियान, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, लघु पंचायत मॉडल सिमुलेशन, स्थानीय कारीगरों के साथ बातचीत और रणनीतिक महत्व के संस्थानों का दौरा जैसी गतिविधियों में भाग लिया। इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य, सांस्कृतिक विरासत और विकास संबंधी आकांक्षाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया साथ ही सामुदायिक भागीदारी, राष्ट्रीय एकता और सीमावर्ती गांवों के रणनीतिक महत्व की गहरी समझ को बढ़ावा दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular