लखनऊ ।लखनऊ पुलिस के थाना महानगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।घटना 5 अप्रैल की है, जब बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक महिला ने अपना काला बैग स्कैनिंग मशीन पर रखा। स्क्रीनिंग के दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर महिला गार्ड ने जांच की, जिसमें भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए।
तलाशी में बैग से कुल 53 जिंदा कारतूस (303 बोर और 9MM) तथा 10 खोखा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में महिला ने अपना नाम प्रतिभा पाल निवासी कानपुर नगर बताया, लेकिन कारतूसों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। बरामद कारतूसों के स्रोत और उद्देश्य की जांच की जा रही है।











