Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, तटबंधों पर कटान जारी:चेतावनी निशान से 54...

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, तटबंधों पर कटान जारी:चेतावनी निशान से 54 सेमी ऊपर, खतरे के निशान से 46 सेमी नीचे

#बस्ती_न्यूज

विक्रमजोत, हर्रैया बस्ती: सरयू नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। बुधवार को केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के जलकर्मी बलराम के अनुसार, नदी का जलस्तर चेतावनी निशान 91.730 मीटर से 54 सेंटीमीटर ऊपर 92.270 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 92.730 मीटर से 46 सेंटीमीटर नीचे है। विक्रमजोत क्षेत्र में बीडी तटबंध के भीतर बसे गांवों में लगातार हो रही कटान से किसान और ग्रामीण चिंतित हैं। शम्भूपुर, पकड़ी संग्राम, अर्जुनपुर, लकड़ी पाण्डेय और अशोकपुर जैसे गांवों में नदी लगातार कटान कर रही है। नदी की कटान के कारण आबादी और किसानों की जमीनें धारा में समा रही हैं, जिससे खेतिहर किसान और तटीय ग्रामीण भयभीत हैं। गांव निवासी तेज नरायन निषाद, भगवानदीन और दुर्गा सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दिन-रात हो रही कटान से नदी की धारा जैसे-जैसे घरों के नजदीक आ रही है, उनके आशियानों को खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय विधायक और अन्य उच्चाधिकारियों ने उनकी स्थिति का निरीक्षण किया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इस बीच, विक्रमजोत के मुड़ेरिपुर गांव के सामने भी सरयू नदी में कटान शुरू हो गई है। इससे बचाव के लिए बाढ़ खंड बस्ती के अधिकारियों ने बोल्डर बिछाकर जाल बनाने का काम शुरू कर दिया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments