पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
श्रावस्ती। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के दृष्टिगत जनपद श्रावस्ती में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों,बस स्टेशनों, धार्मिक एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों सहित अन्य स्थानों पर सतर्कता बरतते हुए प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत-नेपाल सीमा से लगे थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी, प्रभावी गश्त एवं चेकिंग तथा एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर सतर्क दृष्टि रखते हुए तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जनपद में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी एवं आवश्यक सूचनाओं के त्वरित संकलन हेतु सर्विलांस टीम को सक्रिय रखा गया है।पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान सतर्कता, अनुशासन एवं बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं लगातार भ्रमण/गश्त सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद श्रावस्ती के समस्त नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं गई।
श्रावस्ती पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता दिवस के शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।









