श्रावस्ती, 13 अगस्त, (तरुणमित्र)। यूपी के श्रावस्ती जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। जमुनहा तहसील क्षेत्र के भिठया चिचड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय कौतूहल का माहौल बन गया, जब तेज प्रताप यादव की गाय ने दो सिर और चार आंखों वाले अनोखे बछड़े को जन्म दिया। बछड़े के जन्म की खबर गांव में फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।अनोखे रूप वाले बछड़े को देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचने लगे। ग्रामीण मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। बछड़े के दो सिर, चार आंखें और असामान्य शारीरिक बनावट देखकर लोग हैरान रह गए। गांव में दिनभर यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।
जन्म के बाद जीवित है बछड़ा परिजनों के मुताबिक जन्म के बाद बछड़ा फिलहाल जीवित है। हालांकि, उसने अभी तक दूध नहीं पीया है। परिवार के लोग उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उसके स्वस्थ रहने की उम्मीद कर रहे हैं।
आसपास के गांवों से भी पहुंच रहे लोग
अनोखे बछड़े के जन्म की खबर आसपास के गांवों में भी तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग भिठया चिचड़ी गांव पहुंचने लगे। ग्रामीणों में बछड़े को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल दो सिर और चार आंखों वाला यह बछड़ा पूरे इलाके में कौतूहल का केंद्र बना हुआ है। उसकी स्थिति पर ग्रामीणों और परिजनों की नजर बनी हुई है।












