लखनऊ। सत्यवादी हरिश्चंद्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति की ओर से संचालित, रस्तोगी स्वास्थ्य केन्द्र का 18वां वार्षिकोत्सव मनाया जायेगा। शनिवार को ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान के तुलसी मानस भवन में सम्पन्न होना है। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 54 चिकित्सकों सम्मानित तथा 21 इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप देकर पुरस्कृत किया जाएगा।

शनिवार को सायं चार बजे से वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ होगा, इसमें मुख्य अतिथि कानपुर के स्वदेशी ग्रुप के प्रबंध निदेशक महेश कुमार रस्तोगी, विशिष्ट अतिथि धर्मशिला नारायण सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल दिल्ली के रेडियोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. (कर्नल) विकास रस्तोगी, आनंद हॉस्पिटल लखनऊ के निदेशक डॉ.अतुल रस्तोगी, एफआईसीओजी की एमडी डा. अंशुमाला रस्तोगी उपस्थित रहेंगे।
यह जानकारी गुरुवार को प्रेस वार्ता में लखनऊ सत्यवादी हरिश्चंद्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति के संस्थापक हरी जीवन रस्तोगी , अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, रस्तोगी स्वास्थ्य केन्द्र के अध्यक्ष विष्णु बल्लभ और महामंत्री अमित रस्तोगी ने संयुक्त रूप से दी। पदाधिकारियों ने बताया कि अखिल भारतीय हरिश्चन्द्र वंशीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रस्तोगी की उपस्थिति रहेगी।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद समिति की नयी कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण होना है। पांच स्मारिका का विमोचन होगा, जिसमें लखनऊ हरिश्चन्द्र वंशीय समाज, सत्यवादी हरिश्चंद्र स्वास्थ्य परीक्षण समिति, हरिश्चन्द्र दर्पण समिति, महिला समिति ‘सुहासिनी’ और रस्तोगी स्किल डेवलपमेंट एण्ड स्टार्टअप कमेटी शामिल है।












