Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कृषि विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 आवेदन शुरू:डॉ. देहाती ने बताया- 30 अप्रैल तक...

कृषि विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 आवेदन शुरू:डॉ. देहाती ने बताया- 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे


उत्तर प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (UPCATET) 2026-27 के ऑनलाइन आवेदन 30 मार्च 2026 से शुरू हो गए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना, सिद्धार्थनगर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रवेश कुमार देहाती ने युवाओं के लिए कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में असीमित रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला है। उन्होंने बताया कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में यह क्षेत्र आजीविका और उद्योगों के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराता है। डॉ. देहाती के अनुसार, आधुनिक कृषि विज्ञान, पशुचिकित्सा विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण तकनीकी, बागवानी, कुक्कुट पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, डेयरी, पोल्ट्री फार्मिंग, मृदा विज्ञान, सस्य विज्ञान, कृषि अभियांत्रिकी, कृषि अर्थशास्त्र, सामुदायिक विज्ञान और कृषि प्रबंध शास्त्र जैसे क्षेत्रों में युवा अपना करियर बना सकते हैं। उत्तर प्रदेश में चार प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय हैं: चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ और बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा। ये विश्वविद्यालय विभिन्न स्नातक, परास्नातक और पीएचडी पाठ्यक्रम संचालित करते हैं। इन संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद, युवाओं को देश के अनुसंधान संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों में वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ के रूप में सेवा के अवसर मिलते हैं। सरकारी क्षेत्र के अतिरिक्त, निजी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में भी रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए इंटरमीडिएट (कृषि या विज्ञान वर्ग) की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके या इस वर्ष परीक्षा दे रहे छात्र इन चारों कृषि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। बांदा कृषि-प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा द्वारा आयोजित की जा रही UPCATET के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 मार्च 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। यह प्रवेश परीक्षा 10 और 11 जून 2026 को बांदा, अयोध्या, आगरा, बरेली, कानपुर, मेरठ, वाराणसी, आजमगढ़, झांसी, लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज सहित विभिन्न शहरों में आयोजित की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments