विधायक के भांजे की सड़क हादसे में मौत:सिद्धार्थनगर से बस्ती जाते समय हादसा, दासिया पेट्रोल पंप के पास कार पलटी

2
Advertisement

बस्ती सदर के विधायक महेंद्र यादव के भांजे शैलेश कुमार यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा रुधौली थाना क्षेत्र में दासिया पेट्रोल पंप के पास हुआ, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में पलट गई। शैलेश कुमार यादव (पुत्र प्रदीप कुमार) गौर थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरिया के निवासी थे। वह सिद्धार्थनगर के बर्डपुर में डाक विभाग में कार्यरत थे। घटना के समय वह अपनी कार से सिद्धार्थनगर से बस्ती की ओर जा रहे थे। दासिया पेट्रोल पंप के निकट पहुंचते ही उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक गड्ढे में जा पलटी। हादसे की सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने शैलेश को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल शैलेश को तत्काल सीएचसी रुधौली ले जाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा रही।
Advertisement