
वाल्टर गंज थाना क्षेत्र के परशा लाल शाही गांव में रविवार सुबह गौवंश का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बजरंग दल सहित कई हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण तिवारी और थानाध्यक्ष वाल्टर गंज शशांक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद, गौवंश के अवशेषों को जेसीबी मंगाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस मामले में बजरंग दल के महामंत्री रमेश कुमार कन्नौजिया की तहरीर पर वाल्टर गंज पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3, 5 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।











































