
बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कोड़रा पाण्डेय गांव में सोमवार सुबह एक किशोरी का शव पुराने घर की छत की कुंडी से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाने के अतिरिक्त निरीक्षक रमजान अली और चौकी प्रभारी हड़िया संजय कुमार मौके पर पहुंचे। मृतका की पहचान 17 वर्षीय दिपाली उर्फ दिव्या पाण्डेय पुत्री अजय कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिपाली ने अपने पुराने घर के पूजा वाले कमरे की छत की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने शव को नीचे उतरवाया और तत्काल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से शिकायत पत्र मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











































