Advertisement

बस्ती में पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-लखनऊ रेलखंड पर वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गोविंद नगर स्टेशन के पश्चिमी आउटर के पास बीती रात एक हादसा हो गया। यहां रेलवे के अप ट्रैक पर एक 56 वर्षीय महिला का शव मिला। सूचना मिलने पर वाल्टरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआत में महिला की पहचान करना मुश्किल था। पुलिस को घटनास्थल के पास एक बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें आधार कार्ड और पैन कार्ड मिले, जिनसे मृतका की पहचान 56 वर्षीय उमा ओझा पत्नी रामेश्वर दत्त ओझा के रूप में हुई। वह कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा की निवासी थीं। थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची।








































