
बस्ती के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में बभनान-हर्रैया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) की हालत बदतर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, मरीज और व्यापारी आवागमन करते हैं। जर्जर सड़क के कारण उनकी सुरक्षा खतरे में है, और बरसात के बाद स्थिति और खराब होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। यह मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण लाइफलाइन माना जाता है, जिसकी लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई है। भारी वाहनों और बसों की आवाजाही के बीच सड़क की खराब हालत वाहन चालकों के लिए जोखिम भरी साबित हो रही है। कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ चुकी है और किनारे कच्चे हो गए हैं, जिससे आवागमन और भी कठिन हो गया है। स्थानीय निवासियों ने कप्तानगंज विधानसभा-308 के विधायक कविंद्र चौधरी (अतुल चौधरी) और बस्ती के सांसद राम प्रसाद चौधरी से इस मामले का संज्ञान लेने और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में कप्तानगंज के विधायक कविंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए टेंडर की फाइल लगा दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द ही मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि सड़क के गड्ढों को तुरंत भरवाया जाए, संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण करे और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले समय में परेशानी और बढ़ सकती है।











































