
आदर्श नगर पंचायत क्षेत्र के टेमा चौराहे पर देर रात दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मनोज गौड़ के रूप में हुई है। घायलों में टेमा निवासी मनोज गौड़, रानीपुर निवासी सूरज और बिगहिया निवासी अंबेश शर्मा शामिल थे। सूचना मिलने पर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मनोज गौड़ की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। परिजन उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे, तभी कप्तानगंज के पास उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद तीनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को कैली अस्पताल, बस्ती पहुंचाया था, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा था। मनोज गौड़ की मौत की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है। थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।











































