यूपी में बस्ती जिले के एक थाने के प्रभारी थानेदार अजय कुमार गौड़ रहस्यमय हाल में लापता हो गए हैं। पिछले 24 घंटे से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
यूपी में बस्ती जिले के परसरामपुर थाने के प्रभारी थानेदार अजय कुमार गौड़ रहस्यमय हाल में लापता हो गए हैं। पिछले 24 घंटे से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। इससे पुलिस महकमे में चिंता बढ़ गई है। थानाध्यक्ष के अवकाश पर जाने के बाद एएसआई को थाने का प्रभार सौंपा गया था। उनके लापता होने को सूचना पाकर थानेदार अवकाश से वापस लौट रहे हैं। देवरिया जिले के रहने वाले एएसआई के परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की जा रही है। साथ ही उनकी तलाश में टीमें जुट गई हैं।
परसरामपुर थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के अवकाश पर जाने के बाद दरोगा अजय कुमार गौड़ को थाने का प्रभार सौंपा गया था। लेकिन किसी आवश्यक कार्य से वह बाहर निकले थे। लगभग 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। उनका निजी मोबाइल फोन और थाने का सीयूजी नंबर दोनों ही बंद हैं। इस स्थिति की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। तरह-तरह की आशंका भी जताई जा रही है। मूल रूप से देवरिया के रहने वाले दरोगा अजय की तलाश जारी है।
दूसरी तरफ इस घटना को लेकर पुलिस परिसर में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अवकाश से लौट रहे परसरामपुर थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि दरोगा अजय कुमार गौड़ को किसी कार्य के लिए फोन किया तो उनका नंबर बंद मिला। इसके बाद अन्य स्टाफ को सूचित किया गया।
हर्रैया सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि दरोगा अजय कुमार गौड़ के गुम होने का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन को भी अवगत करा दिया गया है। वे बस्ती पहुंच गए हैं। प्रकरण में गुमशुदगी दर्ज की जा रही है। तलाश जारी है।






























