महाराजगंज: श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पिकअप में सवार 11 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
*झुलनीपुर-निचलौल मार्ग पर अमड़ी पुल के पास हुई घटना*
ठूठीबारी थाना क्षेत्र के निपानिया गांव से दो पिकअप श्रद्धालुओं को लेकर मदनपुर मंदिर के लिए निकली थीं। अमड़ी पुल के पास एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
हादसे के बाद पिकअप में सवार श्रद्धालु चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया।
घायलों में नंदलाल, जालंधर, अभिषेक, रानी, ओमप्रकाश, कैलाश, भूटेली, प्रदीप, भुआल, मीरा और चंद्रावती शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में उनका इलाज चल रहा है। ओमप्रकाश, भूटेली और प्रदीप की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। चौकी प्रभारी अमित कुमार राय ने पुष्टि की कि सभी घायलों को सीएचसी निचलौल भेजा गया है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।































