*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘पीएम आवास योजना-शहरी 2.0’ का किया शुभारंभ; परतावल की गुंजा देवी से संवाद कर जाना हाल।*
रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’ के तहत एक बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के 90,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की अनुदान राशि सीधे हस्तांतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक लगभग 62 लाख परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार प्रदान कर चुकी है।
*जनपद में उत्साह का माहौल।*
योजना के अंतर्गत जनपद के 1285 लाभार्थियों को प्रथम किस्त प्राप्त हुई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परतावल बाजार की निवासी गुंजा देवी से सीधा संवाद किया। गुंजा देवी ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया और बताया कि कैसे इस योजना ने उनके पक्के घर के सपने को सच किया है।
*विधायकों की रही गरिमामयी उपस्थिति।*
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पनियरा, सदर और फरेंदा के माननीय विधायकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सरकार की इस पहल को अंत्योदय के संकल्प की सिद्धि बताया।



































