श्रावस्ती।जनपद में पवित्र पर्व नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत शांति, कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आज नवरात्रि के प्रथम दिवस पर तथा आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतते हुए अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम व क्षेत्राधिकारी अपराध आलोक कुमार सिंह द्वारा भारी पुलिस बल के साथ थाना को० भिनगा अंतर्गत कस्बा भिनगा में पैदल गश्त की गई।
गश्त के दौरान मंदिरों, मस्जिदों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, साथ ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारीगण एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर उन्हें प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु जनसहयोग की अपील की गई।
जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी हेतु पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ईद-उल-फितर के अवसर पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। संपूर्ण जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने हेतु सतत गश्त एवं सतर्कता जारी रहेगी।































