सर्विलांस सेल जनपद श्रावस्ती द्वारा बड़ी सफलता, 109 गुमशुदा मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) बरामद कर संबंधित को किया गया सुपुर्द*

5
Advertisement

जनपद श्रावस्ती पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु लगातार तकनीकी संसाधनों का प्रयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी एवं आम जनता को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* द्वारा सर्विलांस सेल को विशेष अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में *अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चन्द्र उत्तम* तथा *क्षेत्राधिकारी लाइन श्री आलोक कुमार सिंह* के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल द्वारा सुनियोजित एवं तकनीकी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम द्वारा अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों, मोबाइल IMEI ट्रैकिंग, लोकेशन एनालिसिस एवं नेटवर्क डेटा का विश्लेषण करते हुए विभिन्न थानों से प्राप्त गुमशुदगी के प्रकरणों पर कार्य किया गया।
सर्विलांस टीम के अथक एवं सराहनीय प्रयासों के फलस्वरूप *कुल 109 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये* है, सफलतापूर्वक बरामद किए गए। इन मोबाइल फोनों को आज दिनांक 28.01.2026 को पुलिस लाइन स्थित लवकुश सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 109 मोबाइल फोन संबंधित को विधिवत सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तकनीक का अधिकतम उपयोग कर रही है। सर्विलांस सेल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा अपराधियों की लोकेशन ट्रैकिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार सफलता प्राप्त हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल नागरिकों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस मिल रही है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग भी और अधिक मजबूत हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्विलांस सेल की पूरी टीम के कार्य की सराहना की गई तथा भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
*बरामदगी करने वाली टीम का विवरण* :-
1. नि0 राज प्रकाश सिंह – प्रभारी, सर्विलांस सेल
2. उ0नि0 शादाब आलम
3. का0 अभिषेक कुमार सिंह
4. का0 सूरज कुमार
5. का0 चरन सिंह

Advertisement