
शिवसेना के मुख्य नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। एकनाथ शिंदे ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया इस दौरान एकनाथ शिंदे जी के साथ सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, नरेश म्हस्के, मिलिंद देवरा, धैर्यशील माने, श्रीरंग बारणे और रवींद्र वायकर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि संसद के अधिवेशन के दौरान वह हर बार दिल्ली आते हैं और अपने सांसदों से मुलाकात करते हैं। इस दौरे के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की।(An important meeting was held between Deputy Chief Minister Eknath Shinde and Prime Minister Narendra Modi)
शिवसेना, एनडीए का एक मजबूत घटक
उन्होंने कहा कि शिवसेना, एनडीए का एक मजबूत घटक है और केंद्र सरकार के साथ मिलकर महाराष्ट्र के विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस बैठक में शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्वास दिलाया कि शिवसेना हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि संसद सत्र के दौरान वह नियमित रूप से दिल्ली आते हैं। एक दिन पहले उन्होंने अपने सांसदों के साथ बैठक की थी। इसके बाद आज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसमें महाराष्ट्र से जुड़े कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
इस दौरान एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध पर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति करने के लिए कई मौके मिलते हैं, लेकिन राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर सभी को एक साथ खड़ा रहना चाहिए। शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीति करने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय भी विपक्ष की इसी तरह की भूमिका थी, जिसकी वजह से पाकिस्तान में विपक्षी नेताओं की सुर्खियां बनी थीं। कुछ लोग आज भी पाकिस्तान में सुर्खियां पाने के लिए बयान दे रहे हैं, जो देशहित में नहीं है।
एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना है, जबकि उनका काम अपने कार्यों के माध्यम से जवाब देना है। उन्होंने कहा कि राज्य में कहीं भी गैस सिलेंडर की कमी नहीं है। कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार सतर्कता से काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि डॉ ज्योति वाघमारे राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं। वे उच्च शिक्षित हैं और उन्हें गरीबों के मुद्दों की अच्छी समझ है और वो राज्यसभा में महाराष्ट्र की आवाज बनेगी।
सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के काम की केंद्रीय मंत्रियों ने सराहना की
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से संसद में उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पियूष गोयल भी मौजूद थे।
इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद भवन में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे के काम की सराहना की।
किरेन रिजिजू ने कहा कि श्रीकांत शिंदे उनके छोटे भाई जैसे हैं और वे लोकसभा में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़े – उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के सांसदों की बैठक



































