महराजगंज में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला: छह साल पहले हुई थी शादी, किसी बात से परेशान – Maharajganj News

0
4

महाराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के परसिया गांव में आज दोपहर लगभग 2 बजे एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 32 वर्षीय जानकी के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। वह अपनी दो बेटियों के साथ घर पर रहती थी, जबकि उसके पति अशोक आजीविका कमाने के लिए बाहर गए हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने किसी बात को लेकर तनाव में आकर यह कदम उठाया। घटना के समय मृतका की सास चंद्रावती और ससुर रामासरे किसी काम से बाहर थे। घर पर उसकी दो जेठानियां रहती हैं, जिनमें से एक किरन शौचालय में बच्ची को शौच करा रही थी, जबकि दूसरी जेठानी अपने मायके गई हुई थी। मृतका की जेठानी की एक बच्ची ने खिड़की से झांककर देखा तो वह चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर भिटौली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि विवाहिता का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन 2