
श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र के इकौना धनुही मार्ग पर शनिवार रात एक बाइक और साइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के बाला नगर कोडरी निवासी राम विलास (47) पुत्र लउहर प्रसाद शनिवार रात इकौना बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, विशेश्वरगंज क्षेत्र के महगीलाल पुरवा निवासी निर्मल (25) पुत्र महादेव विश्वकर्मा विपरीत दिशा से बाइक पर आ रहे थे। इकौना-धनुही मार्ग पर असनहा के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। राम विलास की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।










































