
श्रावस्ती जिले के चंद्रखाबुजुर्ग ग्राम सभा में एक कच्चे रास्ते पर पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई से सड़क के बीच में एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह रास्ता थाना सोनवा और ब्लॉक गिलौला क्षेत्र में आता है। गड्ढे में पानी भरने के कारण रास्ता कीचड़ युक्त हो गया है, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों दोनों को दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासियों अश्विनी कुमार, धीरेंद्र कुमार, दिलीप, छोटू, सोनू, ननके और सुशील सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में बाधा आ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस गड्ढे को भरवाने और रास्ते को ठीक कराने की मांग की है।









































