साइकिल सवार को बचाने में बाइक अनियंत्रित हुई:मल्हीपुर-भिनगा मार्ग पर दो युवक गंभीर रूप से घायल

6
Advertisement

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मल्हीपुर-भिनगा मार्ग पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घायलों की पहचान ग्राम पंचायत सर्रा के मिश्रींपुरवा निवासी शोभाराम (40) पुत्र राम दुलारे और किशनपुर चंदन भारी के बाबू पुरवा निवासी विजय राव (30) पुत्र कमलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से मल्हीपुर आए थे और वापस घर लौट रहे थे। यह दुर्घटना बिचाऊ पुरवा शिकारी के पास हुई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया। एंबुलेंस (यूपी 32 बीजी 8816) से ईएमटी रमेश शुक्ला और पायलट आलोक कुमार तिवारी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले गए। वहां डॉ. खुर्शीद खान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
Advertisement