बहराइच में गुरु गोविंद सिंह प्रकाशपर्व पर नगर कीर्तन: 4 साल के सुरखाब सिंह रहे आकर्षण का केंद्र, करतब दिखाए गए – Bahraich News

9
Advertisement

बहराइच में दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें रूस और स्कॉटलैंड सहित कई देशों में करतब दिखा चुके इंटरनेशनल निशाने खालसा के गुरप्रीत सिंह का समूह और ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ विजेता 4 वर्षीय सुरखाब सिंह मुख्य आकर्षण रहे। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष मनदीप सिंह वालिया ने बताया कि यह शोभायात्रा फूलों से सजी अलौकिक पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगवानी में निकाली गई। पांच प्यारों के साथ यह कीर्तन पीपल चौराहा से शुरू होकर घंटाघर, छावनी, अग्रसेन चौक, डिगिहा तिराहा, गुरुनानक चौक, छोटी बाजार, घंटाघर होते हुए वापस गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पीपल चौराहा पहुंचा। इस नगर कीर्तन में गौरा, धनौली, डीहवा, मटेरा, हीरा सिंह पुरवा, पयागपुर और फखरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी संगत शामिल हुई। नगर कीर्तन के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। छोटे बच्चों ने प्रसाद वितरण के बाद सड़कों की सफाई की जिम्मेदारी संभाली। हजूरी रागी भाई फतेह सिंह जी ने शब्द कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। छोटे बच्चों ने केसरिया दस्तार सजाकर ‘बोले सो निहाल’ के जयकारे लगाए। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं और सिखों द्वारा चाय-नाश्ते के स्टॉल लगाए गए। शोभायात्रा के समापन के बाद, हेड ग्रंथी ज्ञानी विक्रम सिंह जी ने ‘सरबत के भले’ की अरदास की। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर चलाया गया। इस अवसर पर संरक्षक मनजीत सिंह शंपी, महामंत्री भूपेंद्र सिंह वालिया, उपाध्यक्ष परमजीत सिंह, मीडिया प्रभारी परविंदर सिंह सम्मी सहित सैकड़ों श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
Advertisement