शोहरतगढ़ में 63 बोरी यूरिया खाद जब्त:नेपाल ले जाई जा रही थी, दो तस्कर गिरफ्तार, कस्टम के सुपुर्द

6
Advertisement

शोहरतगढ़ में सशस्त्र सीमा बल और पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 63 बोरी यूरिया खाद जब्त की है। शनिवार शाम हुई इस कार्रवाई में नेपाल ले जाई जा रही खाद के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। 43वीं वाहिनी एसएसबी को महथा गांव के रास्ते सीमा स्तंभ संख्या 560 के पास से यूरिया तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर सीमा चौकी कोटिया से एक विशेष दल कोटिया-गणेशपुर रोड पर तैनात किया गया। दल ने नेपाल की ओर जा रहे एक चारपहिया वाहन को रोका। वाहन की तलाशी में 60 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। वाहन चालक की पहचान सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र निवासी शौकत अली पुत्र चौधरी के रूप में हुई। उसने पूछताछ में बताया कि वह यह खाद नेपाल के अलगी गांव में अधिक कीमत पर बेचने ले जा रहा था। इसी दौरान, सीमा चौकी धनौरा और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 558 के पास कार्रवाई की। उन्होंने 3 बोरी यूरिया खाद के साथ एक मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति को पकड़ा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के चौहट्टा गांव निवासी राम किशोर कुर्मी पुत्र बच्चू लाल चौहान के रूप में हुई। वह खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। दोनों नाका दलों द्वारा कुल 63 बोरी यूरिया खाद, एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सीमा शुल्क कार्यालय बढ़नी, सिद्धार्थनगर को सौंप दिया गया है। एसएसबी ने बताया कि वाहिनी भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा और वन्य उत्पादों की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय है। सीमा पर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement