सिसवा में ‘हमारे आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम आयोजित: शिक्षा क्षेत्र के 9 संकुलों के 45 निपुण बच्चे सम्मानित – Siswa(Maharajganj) News

8
Advertisement

सिसवा ब्लॉक सभागार में गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग ने ‘हमारे आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सिसवा शिक्षा क्षेत्र के नौ संकुलों से आए कुल 45 निपुण बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठीभार की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की पहली शिक्षा, मुस्कान और संस्कारों का केंद्र होते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डायट प्रवक्ता अरुण मिश्रा ने बच्चों को देश का भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्रों से होती है, जो अब बाल वाटिका के रूप में बेसिक शिक्षा विभाग का अभिन्न अंग बन गए हैं। उन्होंने दोनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अच्छे नागरिक बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में नोडल शिक्षण संकुल मनोज आर्या, महावीर प्रसाद, एआरपी सूरज यादव और देवेंद्र पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ एआरपी अरविंद जायसवाल ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। प्राथमिक विद्यालय रायपुर, प्राथमिक विद्यालय सिसवा प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठीभार और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर सिसवा शिक्षा क्षेत्र के नौ संकुलों से आए कुल 45 निपुण बच्चों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर मीनाक्षी देवी, शिक्षक संकुल डॉ. सतीश तिवारी, हौसला चौरसिया, रजत शुक्ला, मिथलेश पाल, प्रियंका सिंह, नेहा वर्मा, अंशिका द्विवेदी, विवेक जायसवाल, हरिकेश विश्वकर्मा, राजेश कुमार, रमेश चंद चौरसिया, सुशील कनौजिया और पंकज सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
Advertisement