भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और सहयोग मजबूत: 22वीं वाहिनी SSB व नेपाल APF की समन्वय बैठक संपन्न – Bargadwa Bazar(Nautanwa) News

4
Advertisement

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को महराजगंज स्थित 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के समवाय भगवानपुर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में SSB और नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF) के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में 22वीं वाहिनी SSB की ओर से सहायक कमांडेंट श्री दिनेश चंद्र बिस्वास और निरीक्षक (सामान्य) अरुण कुमार पांडे उपस्थित थे। नेपाल APF का प्रतिनिधित्व निरीक्षक हर्क साऊद ने अपने तीन अन्य कार्मिकों के साथ किया। इस समन्वय बैठक के दौरान भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी तालमेल को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को जागरूक और सुदृढ़ करने, दोनों देशों के नागरिकों के बीच भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा मानव तस्करी एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए संयुक्त प्रयासों को तेज करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के माध्यम से दोनों बलों ने यह स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा केवल उनकी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसे आपसी विश्वास, सूचना साझा करने और समन्वित कार्रवाई से ही प्रभावी बनाया जा सकता है। अंत में, SSB और नेपाल APF के बीच सहयोग, विश्वास और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा निरंतर बनी रहे।
Advertisement