नौतनवॉ में मादक पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार: नेपाल से दिल्ली जा रही थी बस, कस्टम-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई – Nautanwa News

2
Advertisement

सोनौली सीमा पर कस्टम और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से दिल्ली जा रही एक बस से तीन लोगों को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जिनके पास से लगभग 6.862 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया। यह कार्रवाई शनिवार शाम को की गई। कस्टम और एसएसबी को शनिवार को सूचना मिली थी कि एक बस में कुछ लोग मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर कस्टम सोनौली के इंस्पेक्टर और एसएसबी 22वीं वाहिनी के निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त दल का गठन किया गया। टीम ने कस्टम सोनौली बैरियर के पास जांच शुरू की। नेपाल से भारत की ओर आ रही बस नंबर DL1PD6477 (भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा) को रोका गया। बस की तलाशी के दौरान दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध यात्रियों को उनके सामान के साथ उतारा गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अजहरुद्दीन (पिता मोहम्मद दिन, निवासी वजीरपुर, दिल्ली), हसमुद्दीन (पिता साबिर अली, निवासी वजीरपुर, दिल्ली) और शमा (पति हसमुद्दीन, निवासी वजीरपुर, दिल्ली) के रूप में बताई। संदिग्धों और उनके सामान की तलाशी लेने पर उनके पास से चार बैग मिले। इन बैगों की जांच करने पर उनमें 12 सफेद प्लास्टिक पैकेटों में छिपाकर रखा गया पदार्थ मिला। वजन करने पर यह कुल 6.862 किलोग्राम गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड) पाया गया। गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्तियों ने बताया कि वे यह सामान थाईलैंड से मलेशिया होते हुए हवाई जहाज से काठमांडू, नेपाल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि थाईलैंड में सुल्ताना परवीन नामक महिला ने उन्हें ये 12 पैकेट दिए थे, जिन्हें वे दिल्ली ले जाकर किसी को सौंपने वाले थे। उन्होंने इन पैकेटों को अपने तीन बैगों में (एक में तीन, दूसरे में पांच और तीसरे में चार पैकेट) छिपा रखा था। एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट सी विवेक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यहां भी पढ़े:  इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सुदृढ़:श्रावस्ती में पुलिस और SSB की टीमों ने पैदल गश्त की, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर
Advertisement