विदाई समारोह के बाद छात्र पर हमला, सिर फटा: निचलौल में पूर्व विवाद में लोहे की रॉड से पीटा; मुकदमा दर्ज – Nichlaul News

2
Advertisement

महाराजगंज के निचलौल कस्बे में एक स्कूल के विदाई समारोह के बाद 12वीं कक्षा के छात्र नीरज गुप्ता पर हमला किया गया। इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के भाई की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोहड़वल निवासी धीरज गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई नीरज गुप्ता निचलौल के एक विद्यालय में 12वीं का छात्र है। शनिवार, 7 फरवरी को दोपहर करीब चार बजे स्कूल का विदाई समारोह समाप्त होने के बाद नीरज जैसे ही स्कूल के बाहर सड़क पर पहुंचा, उसे अब्दुल (पुत्र शलीम), आफताब (पुत्र शलीम), शलीम (पुत्र मुक्तार) और पांच अज्ञात लड़कों ने घेर लिया। आरोप है कि पूर्व के विवाद को लेकर आरोपियों ने नीरज के साथ गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया। सिर फटने से नीरज मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने नीरज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने नीरज को जान से मारने की धमकी दी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि धीरज गुप्ता की तहरीर पर अब्दुल, आफताब और सलीम सहित पांच अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यहां भी पढ़े:  राहगीरों की परेशानी का कारण बना जाम की समस्या:अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से राहगीरों को आवागमन में हो रही दिक्कत
Advertisement