ट्रेलर ने तोड़ा बिजली पोल, ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त: श्यामदेउरवा में 4 हजार उपभोक्ता प्रभावित, जेई ने दर्ज कराया मुकदमा – Dhanha Nayak(Maharajganj sadar) News

2
Advertisement

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर की टक्कर से बिजली का पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कारण पूरे फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लगभग 4000 उपभोक्ता प्रभावित हुए। अवर अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। परतावल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता कमलेश कुमार चौधरी ने श्यामदेउरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के अनुसार, यह घटना शाम लगभग 6:50 बजे कंचनपुर अस्पताल के पास हुई। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हरपुर तिवारी से पोषित 11 केवी लाइन जमुनिया तक जाती है। एक ट्रेलर ने डबल पोल पर रखे 25 केवीए ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर सहित डबल पोल और तीन अन्य पोल टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे पूरे फीडर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और लगभग चार हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से विभाग को राजस्व का भी नुकसान हुआ है। अवर अभियंता ने अपनी शिकायत में क्षतिग्रस्त विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय प्राक्कलन धनराशि जमा कराने की मांग की है। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। अवर अभियंता कमलेश चौधरी ने बताया कि घटना के तीन घंटे बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी गई थी और वर्तमान में सप्लाई चालू है।
Advertisement