बस्ती जिले के रुधौली (शांति नगर) स्थित प्रैक्सिस विद्यापीठ में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष समारोह की थीम ‘गिव टू गेन’ (Give to Gain) रखी गई थी, जिसके तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, समाज में उनके अतुलनीय योगदान और उनके सशक्तीकरण पर गहन चर्चा की गई.
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्र की सक्रिय महिलाओं द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती के पूजन के साथ किया गया.
विद्यापीठ के प्रधानाचार्य श्री पंकज शर्मा ने समानता को सशक्त राष्ट्र का आधार बताते हुए कहा कि किसी भी परिवार या राष्ट्र की वास्तविक उन्नति तभी संभव है जब महिलाओं को समान अधिकार और अवसर मिलें. उन्होंने एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए महिलाओं को बराबरी का स्थान देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए. अर्चना सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि महिलाएं केवल सम्मान और संवेदनशीलता की अपेक्षा रखती हैं. यदि पुरुष उन्हें समझने के लिए समय दें और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें, तो समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है.
संस्थान के डायरेक्टर श्री सुशांत पांडेय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महिलाओं के संघर्षों और उनके जीवन की चुनौतियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा, “आज के दौर में महिलाओं को बहुआयामी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इन बाधाओं को केवल साहस, बेहतर शिक्षा और अडिग आत्मविश्वास के माध्यम से ही पार किया जा सकता है. समाज की प्रगति के लिए महिलाओं का मानसिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ होना अनिवार्य है”.
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां:
गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में अनीता चौधरी, अर्चना सिंह, निधि त्रिपाठी, सुमन देवी सहित क्षेत्र की कई सम्मानित महिलाओं ने सहभागिता की.
शिक्षण गण: विद्यालय परिवार से पूनम मैम, स्वेता मैम, श्रेया मैम, सुष्मिता मैम, कोमल मैम के साथ-साथ दिनेश वर्मा सर, अवधेश मौर्य सर, अवधेश प्रजापति सर और सुधीर सर मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
संचालन: कार्यक्रम का शानदार संचालन विद्यालय की छात्राओं सौम्या गुप्ता और साजिदा चौधरी ने किया, जिसमें दीपचंद बंधु जी का विशेष सहयोग रहा.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया. विद्यालय परिसर ‘नारी शक्ति’ के नारों और उत्साह से गुंजायमान रहा. कार्यक्रम के दौरान उपहार भी प्रदान किए गए.
रिपोर्ट: सुशील शर्मा, जिला ब्यूरो चीफ़ बस्ती
प्रैक्सिस विद्यापीठ में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस; 2026 ‘गिव टू गेन’ थीम पर हुआ विशेष आयोजन
Advertisement










































