Advertisement
कृषि विभाग ने पनियरा में किसानों के लिए आवंटित सरकारी मूंगफली बीज बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पनियरा ब्लॉक परिसर स्थित राजकीय बीज भंडार के केंद्र प्रभारी विपिन कुमार को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उप कृषि निदेशक संजीव कुमार की विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। यह मामला सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया था। आरोप है कि कृषि विभाग के कर्मचारी ने किसानों के लिए आवंटित 17 बोरी मूंगफली का बीज बेच दिया था। हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सतीश सिंह ने इस संबंध में जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। घटना 13 जनवरी की शाम करीब 5 बजे पनियरा ब्लॉक के मुख्य गेट पर हुई थी। आरोप है कि केंद्र प्रभारी विपिन कुमार सरकारी मूंगफली बीज को टाली पर लादकर बीज गोदाम से बाहर निकाल रहे थे, जिसे वे कस्बे में बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान सतीश सिंह ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी और कृषि उपनिदेशक महराजगंज को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा। इस मामले को लेकर प्रमुख समाचार पत्रों में सरकारी मूंगफली बीज की बिक्री की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में यह सामने आया कि कृषि बीज भंडार के केंद्र प्रभारी और प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) विपिन कुमार इस प्रकरण में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। उप कृषि निदेशक संजीव कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर विपिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा और ऐसी अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





































