Advertisement
घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार बिशनपुर गांव में रविवार देर रात दूल्हे के वाहन चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान जितेंद्र खरवार (37) पुत्र शंभू खरवार, निवासी सपहा थाना कसया, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। वह कुशीनगर से आई बारात में चालक था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाह की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं। देर रात बारात की वापसी के दौरान चालक जितेंद्र खरवार नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद बारात स्थल के पास एक संकरी गली में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर घुघली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







































