विज्ञापन
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 9वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने 9 दिसंबर 2025 को सीमावर्ती ग्राम कान्हाडीह में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह शिविर ई-समवाय कोइलाबास के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना था। शिविर का नेतृत्व 9वीं वाहिनी के कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. आर. के. थोड़े ने किया। इसमें कुल 73 ग्रामीणों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 22 पुरुष, 42 महिलाएँ और 9 बच्चे शामिल थे। शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक औषधियाँ उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने सामान्य रोगों के उपचार के साथ-साथ स्वच्छता, संतुलित आहार, प्राथमिक उपचार और रोग-निवारण संबंधी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी भी प्रदान की। स्थानीय नागरिकों ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए यह शिविर अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में बल के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित ऐसे जनसेवा कार्यक्रम सीमावर्ती समुदायों के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ जनता और बल के बीच विश्वास व सहयोग को भी मजबूत करते हैं। 9वीं वाहिनी की यह पहल सीमावर्ती क्षेत्र के जीवन स्तर को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










































