जमुनहा विकासखंड की ग्राम पंचायत सागर गांव के मजरा मुरैला के पास बना रैंप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। रैंप के दोनों किनारों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह रैंप ग्रामीणों के लिए मुख्य मार्ग है और इस पर काफी आवागमन रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, यहां कोटेदार का घर होने के कारण ट्रकों का भी आना-जाना लगा रहता है, जिससे रैंप पर दबाव और बढ़ गया है। बड़े गड्ढों के कारण कई बच्चे चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त रैंप दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन इस समस्या पर पूरी तरह से मौन है। रैंप के किनारों को दुरुस्त करने और इसे गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विजय कुमार शर्मा, बृजेश कुमार शर्मा, अजय कुमार पाठक, राजन कुमार पाठक, मोहम्मद जाबिर, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद इदरीश, उदय राज पाठक, प्रहलाद कुमार पाठक सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रैंप की मरम्मत कराने की मांग की है।










































