स्वर्ण व्यवसायी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला: नौतनवॉ में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी – Nautanwa News

1
Advertisement

अड्डा बाजार के निकट डूडी नदी पुल पर मंगलवार को एक स्वर्ण व्यवसायी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव और सीओ अंकुर कुमार गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान सिद्धार्थ नगर जिले के पकडियहवा गांव निवासी अजय वर्मा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में थाना क्षेत्र के बेलभार स्थित अपनी ससुराल में मकान बनाकर रह रहा था। अजय पास के ही एक चौराहे पर आभूषण की दुकान चलाता था। अजय वर्मा सोमवार शाम अपनी आभूषण की दुकान (चकदह थाना क्षेत्र में स्थित) बंद कर घर आया था। इसके बाद वह पास में स्थित ससुराल में खाना खाने गया। खाना खाने के बाद वह घर जाने की बात कहकर वहां से निकला था। मंगलवार सुबह उसका शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना से परिजन स्तब्ध रह गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर अजय की पल्सर बाइक भी मिली है। परिजनों ने अजय वर्मा की हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि रात में जिस कपड़े में अजय खाना खाने आया था, वह कपड़े उसके शरीर पर नहीं थे। परिजनों ने किसी साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों की आशंका के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके और मामले का जल्द खुलासा हो। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक की बाइक भी घटनास्थल के पास से बरामद हुई है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं।
यहां भी पढ़े:  महराजगंज में आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील: अधीक्षक ने आशा-एएनएम से संपर्क करने को कहा - purandarpur(Nautanwa) News
Advertisement