महराजगंज में 8 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद: दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 7 करोड़ रुपए – Maharajganj News

2
Advertisement

महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 किलो 13 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। सोनौली बॉर्डर पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक वीड है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 7 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इसे सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, नियमित जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से विशेष तकनीक से उगाया गया यह गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वे थाईलैंड से नेपाल के काठमांडू होते हुए सोनौली बॉर्डर के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के चलते मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
यहां भी पढ़े:  खुनियांव स्वास्थ्य केंद्र में साप्ताहिक बैठक संपन्न:स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया
Advertisement