बस्ती पुलिस को यक्ष ऐप की ट्रेनिंग:अपराध नियंत्रण के लिए मिला अत्याधुनिक AI प्लेटफॉर्म

2
Advertisement

बस्ती में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित अत्याधुनिक एआई आधारित “यक्ष ऐप” के प्रभावी संचालन और क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन बस्ती के सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन ने की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्यामकान्त सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को मजबूती देने और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह ट्रेनिंग आयोजित की गई, जिसमें यक्ष ऐप के फीचर्स, उपयोगिता और व्यावहारिक संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यक्ष ऐप उत्तर प्रदेश पुलिस का एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका शुभारंभ हाल ही में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया है। इस ऐप के माध्यम से थानावार अपराधियों का डेटाबेस, फोटो, वॉयस सैंपल, गैंग लिंक एनालिसिस, मूवमेंट अलर्ट, एआई आधारित संदिग्ध पहचान, वॉयस सर्च तथा रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। एसपी अभिनन्दन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यक्ष ऐप का नियमित और अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक बीट प्रभारी और कांस्टेबल अपने क्षेत्र के अपराधियों का फिजिकल वेरिफिकेशन कर समयबद्ध ढंग से डेटा अपडेट करें। उन्होंने रियल-टाइम डेटा एंट्री, अलर्ट सिस्टम, गैंग एनालिसिस और एआई टूल्स का प्रभावी इस्तेमाल कर अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण सत्र के दौरान ऐप के व्यावहारिक उपयोग, डेटा एंट्री प्रक्रिया, अलर्ट मैनेजमेंट, रिपोर्ट जनरेशन और तकनीकी समस्याओं के समाधान पर हैंड्स-ऑन सेशन आयोजित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारियों, बीट इंचार्जों और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए यक्ष ऐप को अपराध नियंत्रण का सशक्त हथियार बताया। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन से बस्ती पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, त्वरित और परिणामोन्मुखी होगी, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।

यहां भी पढ़े:  उतरौला न्यायालय भूमि चिन्हित नहीं होने से अधिवक्ता नाराज:संघ अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से तत्काल अधिग्रहण की मांग की
Advertisement