शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8423675896 जारी, एडीएम और एसडीएम को सौंपी कमान
रिपोर्ट: हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण व कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर गैस वितरण से संबंधित शिकायतों के तत्काल निस्तारण के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
कंट्रोल रूम से होगी सीधी निगरानी।
जिलाधिकारी ने आमजन की सुविधा के लिए मोबाइल नंबर 8423675896 जारी किया है, जिस पर उपभोक्ता गैस वितरण में आ रही दिक्कतों या धांधली की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल को बनाया गया है। वहीं, एसडीएम विजय यादव सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक व्यक्तिगत रूप से शिकायतों की निगरानी करेंगे।
तहसीलों में प्रवर्तन दल करेंगे छापेमारी।
जिलाधिकारी ने जिले की चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई गैस एजेंसी या व्यक्ति अवैध भंडारण या कालाबाजारी में लिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित किए गए हैं, जो स्टॉक रजिस्टर और वितरण प्रक्रिया की औचक जांच व छापेमारी करेंगे। इस अभियान में राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग, पुलिस और तेल कंपनियों के नोडल अधिकारी संयुक्त रूप से शामिल रहेंगे।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और वीडियो पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है। जिले में आईओसीएल की 18, बीपीसीएल की 9 और एचपीसीएल की 20 एजेंसियां निरंतर कार्य कर रही हैं।
ओटीपी आधारित व्यवस्था पर जोर
डीएम ने बताया कि केंद्र सरकार की व्यवस्था के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और ओटीपी आधारित रीफिल डिलीवरी की व्यवस्था लागू है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी न मचाएं और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें। साथ ही, एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।











































