हरनामपुर में 8वें शतचंडी महायज्ञ, भागवत कथा का शुभारंभ: कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 28 मार्च को होगा भंडारा – Brijmanganj(Maharajganj) News

0
2

बृजमनगंज नगर पंचायत के हरनामपुर चौराहे स्थित मां दायनी मंदिर पर श्री श्री शतचंडी महायज्ञ और संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा के आठवें वर्ष का आयोजन शुरू हो गया है। शनिवार, 14 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा हनुमान चौराहे हरनामपुर से बृजमनगंज होते हुए बनहा घाट पहुंची, जहां महिलाओं और बच्चियों ने अपने सिर पर कलश रखकर नदी से जल भरा। इसके बाद शोभा यात्रा और झांकियां मिश्रोलिया होते हुए शाम 4 बजे मंदिर परिसर पहुंचीं, जहां जल भरे कलश को यज्ञशाला में स्थापित किया गया। कलश यात्रा में क्षेत्र के ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की झांकियां भी निकाली गईं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे गूंजते रहे। गुप्ता मेडिकल स्टोर के संरक्षक और समाजसेवी गणेश जायसवाल ने श्रद्धालुओं को प्रसाद और जलपान कराया। समिति के अध्यक्ष राजेश्वर गुप्ता ने बताया कि यज्ञ का शुभारंभ 14 मार्च शनिवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। पूर्ण आहुति 22 मार्च रविवार को होगी, जबकि विशाल भंडारे का आयोजन 28 मार्च शनिवार को किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा और भव्य झांकियों का आयोजन होगा। यज्ञाचार्य श्री विपिन नंदन शुक्ल जी महाराज होंगे। राजेश्वर गुप्ता ने समस्त क्षेत्र के हिन्दू जनमानस से यज्ञ और कथा में पहुंचकर अपने और अपने परिवार के कल्याण की अपील की। इस अवसर पर पुजारी राम नयन दास, शीत लाल गुप्ता, सिद्धेश्वर चौरसिया, आशीष जायसवाल, गणेश जायसवाल, जयप्रकाश गौड़, राकेश यादव, रोहित, अमरनाथ, अवधेश मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement