महराजगंज में पशु तस्करी, बाइक मिली पर तस्कर फरार: बरामदगी के बाद भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल – Maharajganj News

0
2

महराजगंज जिले के ठूठीबारी क्षेत्र में पशु तस्करी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस कई दिन बीत जाने के बाद भी तस्करों तक नहीं पहुंच सकी है। 11 मार्च को हुई इस घटना में पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल बरामद की थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे ठूठीबारी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में चंदन नदी के पास एक बंद पेट्रोल पंप के सामने से नेपाल की ओर जाने वाला एक रिंग बांध का रास्ता है। पशु तस्कर लंबे समय से इस मार्ग का उपयोग सुरक्षित क्षेत्र के रूप में करते आ रहे हैं। 11 मार्च की रात कुछ तस्कर इसी रास्ते से चार पशुओं को भारत से नेपाल ले जा रहे थे। ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तस्कर पशुओं को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल अपने कब्जे में ले ली। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के वापस लौटने के बाद तस्कर दोबारा मौके पर पहुंचे और पशुओं को लेकर आसानी से नेपाल की ओर चले गए। इस पूरी घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रात के अंधेरे में एक व्यक्ति बंधे के रास्ते पशुओं को नेपाल की ओर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस के पास तस्करों की मोटरसाइकिल मौजूद है, तो वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करना मुश्किल नहीं होना चाहिए। कई दिन बीत जाने के बाद भी तस्करों तक पुलिस का न पहुंच पाना लोगों की समझ से परे है, जिससे ठूठीबारी पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह गहरा गया है।
Advertisement