श्रावस्ती जनपद में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा संयुक्त निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर गुरुवार को सीमा क्षेत्र को सुरक्षित और सतर्क बनाए रखने के लिए विशेष गश्त की गई। इसी कड़ी में, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने थाना सिरसिया पुलिस और एसएसबी जवानों के साथ मिलकर थाना सिरसिया क्षेत्र के सुईया बॉर्डर पर पैदल गश्त की। इस दौरान सीमा से जुड़े रास्तों, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा चौकियों का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही, सीमा पर आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की गई। गश्त के दौरान, मौके पर तैनात पुलिस और एसएसबी के जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें अवैध आवागमन, तस्करी, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और किसी भी संदिग्ध हरकत पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि सीमा क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु दिखाई दे, तो तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर सूचित करें। इससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी और सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।










































