पनियरा में बाइक भिड़ंत, 5 घायल: तीन गंभीर, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर – Paniyara(Maharajganj) News

3
Advertisement

महराजगंज के पनियरा-मुजुरी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पनियरा से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के गुलहरिया थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी शैलेंद्र (40) अपनी साली पूनम और बेटी पूजा के साथ मुजुरी से दवा कराकर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वे कौवाठोड़ पेट्रोल पंप के पास पहुंचे और पेट्रोल लेने के लिए अपनी बाइक धीमी की, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे से टक्कर मारने वाली बाइक को जंगल बड़हरा निवासी इसराफील चला रहा था। वह अपनी बहन आफरीन को परीक्षा दिलाकर घर वापस लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी पांचों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल पनियरा पीएचसी पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र (जिनका पैर टूट गया है), पूनम और पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, इसराफील और उसकी बहन आफरीन का इलाज पनियरा पीएचसी में ही चल रहा है।
यहां भी पढ़े:  डीएम ने किया मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण:उतरौला-गौरा चौराहा-तुलसीपुर मार्ग पर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
Advertisement