बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में एक महिला सफाईकर्मी का शव सड़क किनारे खाई में मिला है। यह घटना बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर बैड़वा समय माता धर्म कांटा के पास रविवार सुबह सामने आई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव सड़क से करीब 15 फीट नीचे खाई में पड़ा था। शव के पास ही एक बाइक भी मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला बाइक चला रही थी और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक की पहचान आहार निवासी सुनीता (लगभग 38 वर्ष) पुत्री बुधई के रूप में हुई है। वह सल्टौवा ब्लॉक की सरैनी ग्राम पंचायत में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थी। सुनीता अपना निजी मकान बनाकर करमहिया गांव में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि सुनीता शनिवार शाम करीब 4 बजे भानपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था। सुनीता चार बहनों और पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थी। उसके दो भाइयों का पहले ही निधन हो चुका था, और उसके माता-पिता भी अब जीवित नहीं हैं। परिजनों के अनुसार, सुनीता की शादी लगभग 10 साल पहले हुई थी और उसका अपने पति से तलाक हो चुका था। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के मनजीत कुमार ने पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। सोनहा थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।








































