बस्ती पुलिस ने डीजल चोरी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 19 जनवरी 2026 को सुबह 3:40 बजे एनएच हाईवे पर चैनपुरवा अंडरपास के पास की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयदीप दूबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय कुमार की टीम ने यह गिरफ्तारी की। अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UP57Q6270) बरामद की गई। कार की डिग्गी से कुल तीन गैलन मिले, जिनमें से दो गैलन 40 लीटर क्षमता के और एक गैलन 30 लीटर क्षमता का था। इनमें से दो गैलन (एक 40 लीटर और एक 30 लीटर वाला) डीजल से भरे हुए थे। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने एक पीली प्लास्टिक पाइप, एक पेचकस, एक जैक टूल, दो व्हील पाना, तीन पाना रिंच, एक बैटरी लॉक, सात अलग-अलग नंबरों की रिंच, एक छोटा सब्जी काटने वाला चाकू, एक बड़ा नट, एक अवैध 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा 12 बोर कारतूस और 1320 रुपये नकद भी बरामद किए। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया।






































