लालगंज पुलिस ने आज महादेवा चौराहे पर व्यापक पैदल गश्त की। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया, जबकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। थाना लालगंज के प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारी महादेवा ने पुलिस बल के साथ यह गश्त की। इस दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्हें आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और मनचलों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गश्त के दौरान वाहनों की चेकिंग की गई, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में निरंतर गश्त और निगरानी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित महसूस कराना है।






































